पुलिस के खिलाफ वकीलों का चक्का जाम
10 पीबीटीपी 15
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। वकील पर हुए हमले के आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न लगाए जाने से गुस्साए वकीलों ने बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। जुलूस निकालकर पहुंचे वकीलों ने सीओ कार्यालय के बाहर चक्का जाम कर दिया। सीओ ने बातचीत कर आश्वासन दिया, तो प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान जाम की स्थिति बनी रही।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे तहसील परिसर में वकील जमा हुए। इसके बाद पुलिस के विरोध में जुलूस निकालते हुए वकील बरेली रोड स्थित सीओ कार्यालय के बाहर पहुंचे और चक्का जाम कर दिया। उनका कहना था कि दियोरिया कोतवाली के गांव टेहरी निवासी वकील रामस्वरूप भारती से हुई घटना में मारपीट, धमकाने व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना को काफी समय बीतने के बाद भी अभी तक पुलिस ने आरोप पत्र नहीं लगाया है। जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद है। इस पर सीओ अनुराग दर्शन कार्यालय से बाहर आए और वकीलों से बातचीत की। उनको की जा रही कानूनी कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट किया। जिसके बाद वकीलों ने जाम खोल दिया। इस मौके पर मुकुल मिश्रा, केके सिंह, वीरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र मौर्य, जंगबहादुर, महेश गौतम, रामचंद्र लाल, प्रदीप आदि वकील मौजूद रहे।