खेकड़ा (बागपत)
पीसीएफ द्वारा संचालित सहकारी क्रय विक्रय गेहूं खरीद केंद्र पर बोरे खत्म होने के कारण परेशान किसानों ने बुधवार को प्रदर्शन किया और अधिकारियों से केंद्र में बोरों की व्यवस्था कराने की मांग की।
नगर क्षेत्र में गेहूं की तौल का कार्य जोरों पर चल रहा है। बुधवार को नगर में रेलवे रोड स्थित पीसीएफ द्वारा संचालित सहकारी क्रय विक्रय गेहूं खरीद केंद्र पर गेहूं के बोरे खत्म हो गए । खरीद केंद्र में गेहूं बोरे खत्म होने के कारण गेहूं खराद कार्य भी नहीं हुआ। इस कारण केंद्र परिसर में किसानों की ट्रैक्टर ट्रालियों एवं भैंसा बुग्गी की भीड़ लग गई । इससे किसान परेशान हो गए । नाराज किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों से हस्तक्षेप कर खाली बोरे तौल केंद्र में भेजने की व्यवस्था कराने की मांग की। इस दौरान किसान दिनेश कुमार, सुनील, अशोक, किरण, राकेश, विक्रम आदि रहे। दूसरी तरफ केंद्र प्रभारी सूरजभान चौहान ने बताया कि उनका तीस हजार क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य है। जो उन्होंने पूर्ण कर लिया है। इस कारण बोरे खत्म हो गए हैं। उन्होंने केंद्र में लक्ष्य से अधिक आने वाला गेहूं भी खरीदने की योजना बनाई जा रही है। खाली बोरे की मांग की है, जल्द खाली बोरे पहुंचने वाले हैं।
अग्रवाल मंडी टटीरी/छपरौली। जिले में गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों से गेहूं की खरीद चल रही है। विपणन निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि गेहूं की खरीद चल रही है। अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित सहकारी संघ ने 750 क्विंटल गेहूं की खरीद की । संघ के सचिव राकेश कुमार यादव ने बताया कि जो उन्हें लक्ष्य मिला था, उसके अनुरूप 750 क्विंटल गेहूं की खरीद हो गई है। किसानों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। छपरौली क्षेत्र के नंगला सहकारी समिति पर अभी तक 241 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। सचिव ने बताया कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जा रही है।