बाघ गणना को अफसरों व कर्मचारियों को किया प्रशिक्षित
टाइगर रिजर्व में शुरू हुआ तीन दिवसीय प्रशिक्षण
22 पीबीटीपी 14
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। टाइगर रिजर्व में शुरू हुए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन बाघ गणना के दूसरे चरण के लिए वनाधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान एम स्ट्राइप एप व पहले चरण में हुए सर्वे के बारे में बताया गया।
टाइगर रिजर्व के सभागार में बृहस्पतिवार से शुरू हुए प्रशिक्षण के दौरान भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून से आए प्रशिक्षक अनूप कुमार ने बताया कि नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी द्वारा इस बार पूरे देश में बाघों की गणना शुरू कराई जा रही है। इसको लेकर एनटीसीए द्वारा मॉनीटरिंग के लिए एम स्ट्राइप एप लांच किया गया है। इसका मकसद टाइगरों की निगरानी करना है। बताया कि बाघ गणना के तहत हुए प्रथम चरण में जंगल क्षेत्र का सर्वे किया गया है। उन्होंने सर्वे का डेटा उपयोग करने व गणना करने के तौर तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। प्रभागीय वनाधिकारी सामाजिक वानिकी आदर्श कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के तहत कर्मचारियों को गणना करने के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने एनटीसीए के एम स्ट्राइप एप का उपयोग करने व सर्वे रिपोर्ट को अपलोड करने पर खासा जोर दिया। प्रशिक्षण में टाईगर रिजर्व, सामाजिक वानिकी के अलावा बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व व दुधवा के वनाधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।