गन्ने में दिखा बाघ, काम छोड़कर भागे मजदूर
कई अन्य स्थानों पर मिले बाघ के पदचिह्न
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत/मझोला। गन्ना छिलाई करने गए मजदूरों को खेत में बाघ की चहलकदमी दिखी। इस पर मजदूरों ने काम छोड़ दिया। वहीं बिरहैनी के निकट भी एक खेत में बाघ के पदचिह्न देखे गए हैं। क्षेत्र में बाघों की मौजूदगी से लोगों में दहशत है।
मझोला क्षेत्र की ग्राम पंचायत भिंडारा के मजरा भगतनिया निवासी प्रधान गुरुद्वावर के खेत में बुधवार को मजदूर गन्ने की छिलाई करने गए थे। इस दौरान मजदूरों को गन्ने के खेत में बाघ की मौजूदगी का एहसास हुआ। वहीं कुछ मजदूरों का कहना है कि उन्होंने गन्ने में बाघ को देखा है। बाघ की मौजूदगी की जानकारी होते ही मजदूर काम छोड़कर चले गए और इसकी सूचना प्रधान के भाई तीरथ सिंह को दी। उन्होंने इसकी जानकारी वनविभाग को दी। सूचना पर पहुंची वनविभाग की टीम को खेत के निकट चकरोड पर बाघ के पदचिह्न मिले।
उधर अमरिया क्षेत्र के बिरैहनी में एसपी फार्म पर भी दिन में बाघ दिखाई देने से लोगों में दहशत है। कुछ दिन पूर्व भी बिरैहनी निवासी बलविंदर सिंह के खेत में नलकूप के निकट बाघ के पदचिह्न देखे गए थे। इसके अलावा क्षेत्र में बाघ की निगरानी को निकली टीम को अमरिया क्षेत्र में मग्गर सिंह फार्म में गन्ने के खेत में, मरौरी क्षेत्र में टाह निवासी रामकिशन के खेत में बाघ पदचिह्न मिले हैं। उधर बीसलपुर क्षेत्र के गांव कुरैइया, ईशापुर, मूढ़ा सेमनगर (पडरी), बकैनियां, रामनगर, जगतपुर, सिधौंरा, मित्तरपुर गंाव में भी निगरानी टीम ने गश्त की लेकिन कहीं कोई पदचिह्न नहीं मिला। डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया बाघ दिखने की सूचना मिलने पर टीम भेजी जा रही है। इसके अलावा भी एक टीम निगरानी को लगी हुई है।