मझोला। चीनी मिल मझोला के स्थानीय निकाय चुनाव के तहत संचालक पद के लिए चुनाव कराया गया। मतदान के बाद हुए मतदान में अशोक भसीन, जसपाल सिंह, नरायनलाल, रविंद्र सिंह बेदी और साधू सिंह ने जीत दर्ज की जबकि सात पहले ही निर्विरोध हो चुके हैं। चुनाव अधिकारी एसडीएम अमरिया वंदना सिंह ने सभी को प्रमाणपत्र वितरित किए।
मझोला की बंद पड़ी चीनी मिल को चलाने की कवायद के चलते शासन के निर्देश पर मिल के स्थानीय निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। सदस्यों के चुनाव के बाद संचालकों के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी जिसमें कुल 12 पदों में से सात पर एकल नामांकन होने के चलते निर्विरोध हो गए जबकि पांच पदों के लिए दो-दो नामांकन होने पर सोमवार को चुनाव कराया गया। पांच पदों के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे जिनके लिए 49 में से 48 सदस्यों ने मतदान किया। दोपहर बाद चुनाव अधिकारी/ एसडीएम अमरिया वंदना त्रिवेदी की देखरेख में मतगणना हुई। इसमें गिधौर क्षेत्र सें अशोक भसीन को नौ जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामकृष्ण को तीन वोट मिले, इसी प्रकार चंदेली में जसपाल सिंह को छह और गोपाल सिंह को चार, देवरनियां से नारायण लाल को पांच और सुंदरलाल को चार, टोडरपुर से रविंद्र सिंह बेदी उर्फ बाबाजी को पांच और मनविंदर सिंह खैरा को चार एवं सुनपहर से साधू सिंह को नौ और वीरेंद्र कुमार को एक मत मिला। निर्वाचित सभी 12 संचालकों (सात निर्विरोध सहित) को चुनाव अधिकारी वंदना त्रिवेदी ने प्रमाणपत्र वितरित किए। इस मौके पर सचिव/मिल प्रबंधक आर के जैन, एआरओ एस दीक्षित व मिल स्टाफ मौजूद रहा।
आज होगा उपसभापति का चुनाव
संचालकों के चयन के बाद अब मंगलवार को उपसभापति का चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए सुबह मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद यदि आवश्यक हुआ तो तीन बजे से मतदान कराया जाएगा। हालांकि इसकी संभावनाएं नहीं लग रही हैं। सूत्रों की मानें तो नवनिर्वाचित संचालकों ने बैठक कर अपना मुखिया तय कर लिया है और मंगलवार को केवल चुनाव की औपचारिकता निभाई जाएगी।