पीलीभीत। ओवरहीट के बाद नखासा में लगे सौ-सौ केवीए के दो ट्रांसफार्मर जल उठे। कुछ ही देर में आग भीषण हो गई और ऊंची लपटें उठने लगी। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके से गुजर रहे एलआईयू कर्मचारी ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। जिसके बाद बमुश्किल आग पर काबू किया जा सका। हादसे के बाद से क्षेत्र के दर्जनों परिवारों के सामने बिजली संकट गहरा गया है।
सोमवार की देर रात करीब तीन बजे मोहल्ला नखासा में पास-पास रखे हुए सौ-सौ केवीए के दो ट्रांसफार्मर अचानक जल उठे। कुछ ही देर में आग भीषण हो गई। लोगों के मकानों से अधिक ऊंचाई तक आग की लपटें पहुंचने लगी। सड़कों पर सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक किसी को इसका पता नहीं लग सका। इस बीच मोहल्ले के लोगों ने आग की लपटों को देखा तो उनके होश उड़ गए। मौके पर काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इस मार्ग से गुजर रहे एलआईयू कर्मचारी गौरव कुमार ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। इससे कुछ ही देर में दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और ट्रांसफार्मर में लगी आग को बुझाया। उधर ट्रांसफार्मर जलने के बाद क्षेत्र के लोगों के सामने बिजली संकट की स्थिति बन गई। रात भर लोग गर्मी में परेशान होते रहे। सुबह इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद बिजली विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कर सुधार के प्रयास श्ुारू कर दिए हैं।
000
ओवरहीट होने के कारण ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। ट्रांसफार्मरों के सुधार को लेकर कर्मचारियों को लगा दिया गया है। क्षेत्र के लोगों को बिजली की दिक्कत न हो, इसके लिए ट्रॉली लगा दी गई है।
- रणवीर सिंह, एसडीओ टाउन