पूरनपुर। तहसीलदार कुवंर बहादुर सिंह ने गांव अमरैया के समीप मिट्टी का अवैध खनन होते पकड़ लिया। मौके पर उन्होंने दस ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, सात ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्रॅाली को लेकर भाग गए। पुलिस ने भाग रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। मौके से पकड़े गए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।
राजस्व प्रशासन की सख्ती के बाद भी क्षेत्र से मिट्टी और रेत का खनन नहीं रुक रहा है। शाम ढलते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं। पूरी रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध मिट्टी खनन होता है। तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह ने रविवार की शाम को सूचना पर गांव अमरैया के समीप एक स्थान पर छापामारी की। तहसीलदार ने मिट्टी खनन के परिवहन में लगाए गए दस ट्रैक्टर-ट्रालियों को कब्जे में लिया। इसकी सूचना कोतवाल को सीयूजी नंबर पर दी। तहसीलदार की सूचना पर जब तक मौके पर पुलिस पहुंचती, इससे पहले सात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए। पुलिस ने तहसीलदार की ओर से पकड़े गए गांव लोधीपुर निवासी जमालुद्दीन, सिकंदर, फर्जंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसएसआई एमएस विष्ट ने बताया कि सौंपे गए तीनों आरोपियों का कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।
----
नाली के ऊपर से ट्रैक्टर निकालने पर मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। गांव गहलुइया निवासी महबूब खां का तर्क है कि ट्रैक्टर निकालते समय नाली मेेें घुस गया। आरोप है कि इस पर हारून खां और उसके पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज कर उसकी, उसकी पत्नी और पुत्र की पिटाई कर दी। हारून खां की पत्नी कैसर जहां का आरोप है कि महबूब अक्सर उसके घर के समीप नाली में घुसा कर ट्रैक्टर निकालता है। इससे नाली के छीटे आती हैं। विरोध पर गाली-गलौज कर उसे और उसकी पुत्री की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने महबूब खां की ओर से हारून खां, फिरोज खां, सहरोज खां और कैसर जहां की ओर से महबूब, सय्यूब, सैहबूब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मारपीट की अन्य घटनाओं में गांव कुर्रैया खुर्द निवासी अरविंद कुमार की विवाद पर रास्ते में पिटाई कर दी गई। पुलिस ने अरविंद की ओर से गांव सिमरिया निवासी राजू, भुवनेश सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव गहलुइया निवासी मुजीबुल की बीच-बचाव पर पिटाई कर दी गई। पुलिस ने मुजीबुल की ओर से गांव निवासी गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव गुलड़हा निवासी घनश्याम की रंजिशन पिटाई कर दी गई। पुलिस ने घनश्याम की ओर से प्रमोद, राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।