खेकड़ा (बागपत)।
नगर के मोहल्ला विजयनगर में झुके विद्युत पोल को लेकर दिनभर से आपूर्ति ठप्प है। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने टूटे पोल को हटाकर नया पोल लगवाने को लेकर मार्ग पर जाम लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
नगर के मोहल्ला विजयनगर स्थित चौराहे पर गत एक वर्ष से विद्युत पोल अत्यधिक जर्जर हालत में है। जो कभी भी टूटकर मार्ग पर गिरकर बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। उक्त मार्ग से पैदल चलने वाले लोगों एवं वाहनों का आवागमन अत्यधिक है। पोल टूटने की आशंका के चलते विद्युत विभाग ने विजयनगर मोहल्ले के लोगों की आपूर्ति सुबह चार बजे से ही बंद करा दी और बिजली आपूर्ति देर शाम तक बंद रही। इससे मोहल्ले के लोगों को गर्मी के बीच पेयजल संकट समेत भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर विद्युत निगम की लापरवाही के कारण न तो टूटे पोल को हटवाकर वहा पर नया पोल ही लगवाया और न ही आपूर्ति चालू की । इससे लोगों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश उत्पन्न हो गया और लोग सड़कों पर उतर आए। दोपहर करीब बारह बजे मोहल्ले में छापेमारी अभियान के लिए पहुंचे विद्युत निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों का लोगों ने घेराव कर लिया और उन्हें खरी खोटी सुनाई।
लोगों के दबाव के चलते तब तो विद्युत निगम के अधिकारियों ने टूटा विद्युत पोल हटवाकर वहां पर नया पोल लगवाने की बात कही, लेकिन शाम तक भी पोल को नहीं बदला। जिस कारण लोगों ने शाम करीब पांच बजे दोबारा हंगामा शुरू कर दिया और मार्ग को जाम कर धरने पर बैठे। धरने की सूचना मिलने के चलते नगर चौकी प्रभारी मधुप सिंह, दरोगा रणपाल सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों को किसी तरह समझा बुझा कर शांत किया और विद्युत निगम के अधिकारियों को तभी फोन कर नया पोल लगाने के लिए कहा। विद्युत निगम की लापरवाही के कारण दिनभर पंद्रह घंटे से ठप्प पड़ी आपूर्ति देर शाम तक चालू नहीं हो सकी। इससे लोगों में विद्युत निगम के प्रति कड़ा आक्रोश है। एसडीओ पुष्पेंद्र कुमार ने विद्युत पोल लगवाने का आश्वासन दिया।