खेकड़ा (बागपत)।
ऐलाचार्य अतिवीर जी मुनिराज ने कहा शिक्षा ही मनुष्य और पशु की पहचान कराती है। इससे पहले परम पूज्य सिंह रथ प्रवर्तक आचार्य सन्मति सागर जी महाराज के शिष्य एलाचार्य श्री अतिवीर जी मुनिराज के सानिध्य में जैन इंटर कॉलेज में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया। सर्व प्रथम कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य विनय कुमार जैन ने चित्र का अनावरण किया। रायचंद जैन ने दीप प्रज्वलन किया। तत्पश्चात बड़ौत से पधारे रोटरी क्लब पूर्व अध्यक्ष एसके जैन, राकेश जैन, नरेंद्र जैन ने स्मार्ट (डिजीटल) क्लास का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत जैन ने विनय कुमार जैन और नरेश चंद जैन, रायचंद जैन को सम्मानित किया। जबकि जैन इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेश चंद जैन और प्रबंधक राहुल जैन ने जैन समाज के अध्यक्ष जिनेश जैन को सम्मानित किया। इसके बाद जैन समाज के सभी लोगों ने ऐलाचार्य श्री अतिवीर जी मुनिराज का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर ऐलाचार्य अतिवीर जी मुनिराज ने कहा कि शिक्षा ही वह एक मात्र चीज है जिसे मनुष्य चोरी नहीं कर सकता और आपस में बंटवारा भी नहीं कर सकता। शिक्षा ही मनुष्य और पशु की पहचान कराती है।
उन्होंने कहा कि अनेकों वर्षों पूर्व वर्णी जी ने बनारस में स्याद्वाद्व विश्वविद्यालय खोला था। वह विद्यालय आज गिनीज बुक में उल्लेखित है। उन्होंने कहा कि अगर एक बच्चा शिक्षित होता हे तो मान लो कि पूरा परिवार ही शिक्षित हो जाता है। तभी मनुष्य खुशहाल बन सकता है। जब वह शिक्षक होगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्र, छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई कर आगे बढ़ने को कहा। इस दौरान प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेश चंद जैन, प्रबंधक राहुल जैन, प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत जैन, अरुण जैन, अंकुश जैन, मनोज जैन, साहिल जैन, जिनेश जैन, राजेश जैन, प्रमोद जैन, राकेश जैन, जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर के जैन, मनोज जैन, सतीश जैन, कमल जैन आदि मौजूद रहे।