खेकड़ा (बागपत )।
नगर में बाबा काले सिंह मंदिर के समीप स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन में आयोजित मीना मंच कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी राजलक्ष्मी पांडे ने किया। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की महिला चिकित्सक डॉ. सुनीता सोनल धामा ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने को कमजोर न समझे। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता की जानकारी दी। उन्होंने किसी के द्वारा गलत तरीके से छूने पर विरोध करने माता पिता व शिक्षक को जानकारी देने को कहा।
एडवोकेट परीक्षित शर्मा ने कहा कि जब छात्राएं अपना अधिकार जान जाएंगी तो महिलाओं के साथ होने वाला अपराध अपने आप कम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस छात्राओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए शक्ति परी बनाई गई हैं। इसके साथ ही महिलाओं की शिकायत सुनने के लिए 1090, 181 महिला हेल्पलाइन है। यहां महिला कर्मियों द्वारा ही फोन उठाया जाता है। पहचान भी गोपनीय रखी जाती है और पूरी सहायता की जाती है। कार्यक्रम में पास के स्कूल की छात्राओं ने भी भाग लिया। इस दौरान खंड शिक्षाधिकारी राजलक्ष्मी पांडे, प्रधानाध्यापक हरेंद्र सिंह, बीना रानी, आयुषी धामा, वंदना रानी, मोहिनी बालियान, शिवानी, कोमल, पारुल शर्मा, विनोद धामा, प्रवीण शर्मा आदि रहे।