सूखी पड़ी छानी ब्रांच की नहर।
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। तहसील दिवस में हुई शिकायत के सात माह बाद भी बिजली व्यवस्था में सुधार न होने पर बृहस्पतिवार दोपहर को राजकीय नलकूप चालकों ने एक्सईएन का घेराव किया। विभाग की ओर से पूर्व में डाली गईं लोहे के जर्जर तारों की समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। इस दौरान एसडीओ, जेई व लाइन मैन पर शिकायत को नजर अंदाज करने का भी आरोप लगाया गया।
बिजली विभाग के एक्सईएन अनुज गुप्ता को दिए गए शिकायती पत्र में नलकूूप चालकों ने बताया कि पिपरिया, टाहपौटा, हिम्मतनगर, टंडोला, पीराताल, बलदेवपुर, रंपुरा, बिलगवां, ललपुरिया सैदपुर के राजकीय नलकूपों पर काफी समय पहले विद्युत लाइनें चोरी कर ली गई थीं। इसके बाद विभागीय अधिकारियों द्वारा लोहे के तार डाल दिए गए। जिन पर जंक आने के साथ ही वह काफी जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है और आए दिन जर्जर तार टूटने के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचता है। कई बार जानलेवा खतरा भी लोगों के सामने बना रहता है। इसकी 16 मई को तहसील दिवस में शिकायत की गई। इस दौरान एसडीओ टाउन रनवीर सिंह की ओर से इस्टीमेट बनवाए जाने की बात कही गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। इसके चलते नलकूप का कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। नलकूप चालकों ने क्षेत्र के किसानों का हित देखते हुए विद्युत लाइनें बदलवाने एवं आपूर्ति की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। नलकूूप चालक मोहम्मद अतहर ने आरोप लगाया कि जेई व लाइनमैन से न्यूरिया क्षेत्र में लगातार शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं होता। अधिकारी हो या फिर कर्मचारी शिकायत को नजर अंदाज करने में जुटे हैं। जबकि बिजली अभाव में नलकूप ठप रहने से परेशान किसान उन लोगों पर लाइन सही करा नलकूप चलाने का रोज दबाव बनाते हैं। एक्सईएन अनुज गुप्ता ने बातचीत कर समस्या सुनने के बाद इसके जल्द निस्तारण का भरोसा दिलाया। शिकायत करने वालों में हुसैन बख्श, ओमप्रकाश, मुरारीलाल, सियाराम, रामप्रसाद, ठाकुरदास, रूपलाल, रामपाल आदि शामिल रहे।
--------