शिवनगर क्रय केंद्र पर तीन दिन से खड़ी हैं ट्रॉलियां
शिवनगर गन्ना क्रय केंद्र पर तीन दिन से तौल ठप है, जबकि अन्य क्रय केंद्रों से ट्रक गन्ना लेकर आ रहे है। इससे नाराज किसानों ने दूसरे क्रय केंद्र से गन्ना लेकर आ रहे ट्रकों को रोक दिया। देरशाम ट्रकों को छोड़ा गया।
मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी गन्ना किसानों की हालत में सुधार नहीं हुआ है। ट्रांसपोर्ट एवं मिल प्रबंधन की मिलीभगत के चलते क्रय केंद्रों पर खड़ी तौल हो रही है। ट्रांसपोर्ट ने जितने वाहन अपने सेवा शर्तों में दर्शाए हैं, उतने वाहन काम नहीं कर रहे हैं। इससे चलते फैक्ट्री से ट्रक पहुंचने पर ही गन्ना की तौल कर उसे सीधे ट्रकों पर लोड किया जाता है, जबकि नियमानुसार गन्ने को तौल कर गन्ना जमीन में गिराकर ट्रॉलियों को तुंरत खाली किया जाना चाहिए। पूरे जिले में मिलीभगत से चल रही इस व्यवस्था खामियाजा किसान को भुगतना पड़ रहा है। ट्रॉलियां खड़ी रहने से गन्ना सूख रहा है साथ ही समय भी बर्बाद हो रहा है। बृहस्पतिवार को शिवनगर क्रय केंद्र पर तौल के इंतजार में खड़े किसानों ने इसी क्षेत्र के क्रय केंद्र बिहारीपुर ए, बी और सी से गन्ना लेकर आ रहे ट्रकों को रोक लिया। किसानों का आरोप है कि ट्रांसपोर्टर समय से गाड़ियां नहीं भेज रहे हैं, जिससे दिक्कत आ रही है। इसको लेकर देरशाम तक वार्ता का दौर चलता रहा। बाद में किसानों ने जल्द तौल शुरू होने के आश्वासन पर ट्रकों को जाने दिया। इसमें अजयपाल सिंह, रामवीर सिंह, उल्फत सिंह, विक्रम सिंह, गुड्डू सिंह, कल्लू सिंह, ग्रेसपाल सिंह, केंद्र सिंह, रजिस्टर सिंह, हरदीप सिंह शामिल थे।