भगवान पार्श्वनाथ निर्वाण महोत्सव शुरू
खेकड़ा (बागपत)। श्री पार्श्ववनाथ अतिशय क्षेत्र बड़ागांव स्थित प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को दो दिवसीय भगवान पार्श्वनाथ निर्वाण महोत्सव शुरू हुआ। नित्य नियम पूजन, मंगलाचरण, झंडारोहण किया गया। साथ ही सांस्कृतिक आदि कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मंदिर को मनमोहक ढंग से सजाया गया।
आचार्य श्री 108 ज्ञान सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में मेले एवं धार्मिक कार्यक्रम का विधिविधान के साथ शुभारंभ हुआ। इसमें प्रात: 6 बजे भगवान पार्श्वनाथ का नित्य नियम पूजन विधान हुआ और विभिन्न पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। दोपहर 2 बजे आचार्य श्री की मौजूदगी में पंडित धनराज जैन ने भगवान पार्श्वनाथ के जयघोष के साथ बैंडबाजों की मनमोहक धुन के बीच झंडारोहण किया। इसके बाद लक्की ड्रा का आयोजन हुआ। इस मौके पर मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया। आचार्य श्री ज्ञान सागर जी महाराज ससंघ संतों का मंगलाचरण किया गया। नृत्य, नाटिकाओं के मनमोहक मंचन से सभीभाव विभोर हो गए। सम्मान समारोह में अतिथियों का स्वागत पंडित हंसराज जैन व सुभाष चंद जैन ने किया। साथ ही देर शाम तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। संचालन दिनेश जैन ने किया। इस दौरान रमेश चंद जैन, अरुण कुमार जैन, अजेश जैन, नरेश जैन, संजीव जैन, सुनील जैन, क्षेत्रीय कमेटी गजराज गंगवाल, संजीव जैन, प्रधान नितिन जैन, अंकुश जैन, नवीन जैन, मनीष जैन, आकाश जैन, अनिल जैन समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।
विभिन्न क्षेत्रों से पदयात्रा कर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे बड़ागांव
खेकड़ा। प्रति वर्ष होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर आस्था के साथ भाग लेने आते हैं। शुक्रवार को दिल्ली, शाहदरा, लोनी, बागपत, बड़ौत, छपरौली, सरधना, बिनौली, अमीनगर सराय आदि क्षेत्रों से चलकर बड़ागांव महोत्सव में शामिल होने के लिए पदयात्री भगवान पार्श्वनाथ का जयघोष करते हुए बड़ागांव प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर पर पहुंचे। पदयात्रियों के जत्थों का विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय, शिकंजी, चाय के साथ स्वागत और चिकित्सा सेवा की गई। साहिल जैन, मोहित जैन, उदित जैन, हिमांशु, अरिहंत जैन, आकाश, अजय जैन, मुकुल जैन, मनीष जैन, संजय, जैन बालेश जैन, नगीन चंद जैन, वीरेंद्र जैन, विनय कुमार जैन, जनेश्वर दयाल जैन, सतीश जैन, श्रीयांस जैन, अंकुश जैन, ललित जैन, संजीव जैन आदि मौजूद रहे।
आज श्री जी को चढ़ेगा 108 किलो का लड्डू
खेकड़ा। महोत्सव के समापन पर शनिवार की सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर श्री जी को 108 किलो का निर्वाण का लड्डू चढ़ाया जाएगा। सुबह 10 बजे श्रीजी की रथयात्रा रवाना होगी। यात्रा त्रिलोक तीर्थ होती हुई पार्श्वनाथ साधुवृत्ति आश्रम पांडुकशिला मैदान में पहुंच वापस मंदिर आएगी।
सच्चे मन से करनी चाहिए भक्ति
खेकड़ा। आचार्य श्री ज्ञान सागर जी महाराज ने धर्म सभा में प्रवचन देते हुए कहा कि भगवान पार्श्वनाथ के दिखाए मार्ग पर चलने से ही मानव कल्याण संभव है। सदैव ही उनकी सच्चे मन से भक्ति करनी चाहिए। धार्मिक कार्यक्रमों एवं धर्म मार्ग पर चलने से ही मनुष्य का कल्याण संभव है। जगरीब असहाय लोगों की सेवा से बढ़कर कोई परोपकार नहीं हो सकता। सदैव छल कपट के मार्ग से दूर रहकर धर्म के मार्ग को ही ग्रहण करे। इस दौरान अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।