पीलीभीत। बिजली विभाग की मनमानी का एक और नया मामला सामने आया है। जहां विभागीय लापरवाही के चलते गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को 20 माह बाद भी न्याय नहंी मिल सका। मुआवजा पाने के लिए भी बिजली विभाग तो कभी जिले के प्रशासनिक अफसरों की चौखट के चक्कर लगा रहा है। समाधान दिवस में सुनगढ़ी थाना पहुंची डीएम के सामने दुखड़ा सुनाते हुए पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है। डीएम शीतल वर्मा ने भी बुजुर्ग को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी अनिल कुमार गुप्ता (65) ने बताया कि उनके मकान के सामने बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। एक दिसंबर 2015 को वह घर के बाहर थे। इस बीच अचानक ट्रांसफार्मर फट गया। जिससे उसका तेल उनके ऊपर गिरा, जिसमें वह गंभीर रुप से झुलस गए। उनका कहना है कि पीलीभीत, बरेली से लेकर दिल्ली तक इलाज हुआ, तब जाकर हालत में सुधार हो सका। इसकी शिकायत डीएम-एसपी से लेकर एक्सईएन तक की गई। इसके बावजूद आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। सिर्फ जांच के नाम पर उनको चक्कर लगवाए जा रहे है। पीड़ित ने शनिवार को सुनगढ़ी थाना पहुंची डीएम-एसपी के सामने पेश होकर दुखड़ा सुनाया। डीएम शीतल वर्मा का कहना है कि शिकायतकर्ता को सोमवार को मिलने के लिए बुलाया है। सीएमओ और एक्सईएन बिजली विभाग से बातचीत कर समाधान कराया जाएगा।