इंतजार खत्म, अब ग्रामीण क्षेत्रों में बटेंगे राशन कार्ड
पीलीभीत। लंबे इंतजार के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में राशनकार्ड धारकों को नए कार्ड मिल जाएंगे। पहले चरण में शहरी क्षेत्र में कार्ड वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों मेें नए राशन कार्डों के वितरण किए जाने की खेप बुधवार को जिला पूर्ति कार्यालय आ गई है। पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से नये राशन कार्डों का वितरण शुरू कर दिया गया है। सरकार पहली बार क्यूआर कोड छपे राशन कार्डों का वितरण कर रही है।
आपूर्ति विभाग द्वारा अंत्योदय और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी किए जाते हैं। जिले में करीब पौने चार लाख राशनकार्ड धारक हैं। पिछली सरकार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राशन कार्ड पर अपनी फोटो छपवा दी थी। चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग ने उन कार्डों पर रोक लगा दी। भाजपा की सरकार बनने के बाद नए सिरे से राशन कार्ड धारकों का सत्यापन करने के बाद इन कार्डों को भेजा गया है। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र में चालीस हजार लाभार्थियों के कार्डों को वितरण हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण के लिए 3.20 लाख कार्ड छप कर आ गए हैं। पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से नये राशन कार्डों का वितरण शुरू कर दिया गया है। अंत्योदय परिवार को राशन कार्ड मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि बाकी सभी उपभोक्ताओं से कार्ड का शुल्क दस रुपये लिया जाएगा। अंत्योदय योजना के कार्डों का कवर गुलाबी और बाकी सभी का सफेद है।