केरल बाढ़ पीड़ितों को एक दिन का वेतन देगी पुलिस
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक स्वेच्छा से करेंगे दान
डीजीपी का सर्कुलर मिलने के बाद जिला स्तर पर कवायद शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद जुटाने को अब पुलिस विभाग भी आगे आया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक सभी एक दिन का वेतन बाढ़ पीड़ितों के लिए स्वेच्छा से दान करेंगे। डीजीपी का सर्कुलर मिलने के बाद एसपी ने जिला स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। समस्त कर्मचारियों को इससे अवगत कराया गया है।
बीते दिनों केरल में आई बाढ़ ने तबाही मचाकर रख दी है। सैकड़ों लोगों की जान चली गई, वहीं हजारों परिवार बेघर हो चुके हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए शासन, समाजसेवी समेत कई जगहों से मदद को हाथ उठ चुके हैं। अब पुलिस विभाग भी इन बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद को आगे आया है। सूबे के डीजीपी ओपी सिंह ने इसको लेकर एक सर्कुलर जारी किया है। जिसमें स्वेच्छा से एक दिन का वेतन दान देने की बात कही गई है। जिले में डीजीपी का सर्कुलर पहुंचने के बाद इसकी शुरूआत कर दी गई है। इसके तहत जिले में पुलिस विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर आईपीएस तक सभी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एक दिन का वेतन दान करेंगे। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए डीजीपी के सर्कुलर की समस्त स्टाफ को जानकारी दी गई है। स्वेच्छा से एक दिन का वेतन दान किया जाएगा। इसमें किसी भी कर्मचारी पर कोई दबाव नहीं रहेगा।