रोस्टर के हिसाब से चलेंगे
चूका के पर्यटक वाहन
स्टाफ के साथ बैठक कर वनसंरक्षक नेे दिए निर्देश
कई वाहन चालकों को नहीं मिल रहा था काम
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
टाइगर रिजर्व और चूका बीच में पर्यटकों के घुमाने के लिए लगे सफारी वाहन रोस्टर के हिसाब से चलेंगे। बिना रोस्टर वाहन चलते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश वनसंरक्षक वीके सिंह ने स्टाफ की बैठक में दिए।
सोमवार देरशाम टाइगर रिजर्व मुख्यालय में हुई बैठक में वनसंरक्षक वीके सिंह ने स्टाफ के साथ बैठक की। उन्होंने कहा गन्ने की कटाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में बाघ हमले की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इसके लिए जंगल से सटे गांव के लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा गन्ने कटने से उसमें छिपे वन्यजीव और बाघ आ रहे हैं इसलिए टीमों को भी निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। पर्यटन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गत वर्ष की अपेक्षा पर्यटक बढ़े हैं यह अच्छी बात है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिल रही है कि कुछ कर्मचारियों के इशारे पर पर्यटक वाहनों के संचालन में गड़बड़ी हो रही है। कुछ को अधिक काम मिल रहा है जबकि कुछ गाड़ी वालों को काम ही नहीं मिल रहा है। इस पर उन्होंने पर्यटकों के लिए लगे वाहनों को रोस्टर से चलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वाहन चालक को यह पता रहेगा कि उसका नंबर किस गाड़ी के पीछे और कब है। उसी के अनुसार वह उपलब्ध रहेगा। साथ ही इस रोस्टर की लिस्ट मुस्तफाबाद और टाइगर रिजर्व के पीलीभीत मुख्यालय में भी लगेगी। बैठक में डीएफओ कैलाश प्रकाश, आदर्श कुमार सभी वनक्षेत्राधिकारी एवं वनदरोगा मौजूद थे।