खेकड़ा (बागपत)।
महिला सुरक्षा सप्ताह के चलते छात्राओं ने सोमवार को खेकड़ा थाने का निरीक्षण कर थाने का रिकार्ड देखा। साथ ही फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं।
सोमवार को नारी सुरक्षा सप्ताह के चलते खेकड़ा थाने पर विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को बुलाया गया। छात्राओं ने सर्वप्रथम खेकड़ा थाने के आफिस में रखे अभिलेखों को देखा। साथ ही यह जानकारी भी ली कि किस तरह से किन अभिलेखों में मुकदमे पंजीकृत होने के बाद रिकार्ड अंकित किए जाते हैं। उन्होंने हवालात और मालखाना को भी देखा। इस दौरान छात्राओं ने साफ सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान थाने पहुंचे चार फरियादियों की भी समस्या सुनीं और उनका निदान करने को कहा। छात्राओं ने कहा पुलिस को निष्पक्ष एवं न्याय संगत ढंग से कार्य करना चाहिए। ताकि पीड़ित को न्याय मिलेगा और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा। छात्राओं ने थाना प्रभारी एसपी सिंह से कहा कि विद्यालयों के आस पास एवं मार्गों पर मनचले घूमते रहते हैं। विद्यालयों में आते जाते समय पुलिस बल तैनात रहना चाहिए। ताकि छात्राएं सुरक्षित रह सके। और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करें। इस दौरान कोमल, ममता, पूजा, शिवानी, आयुषी, रेखा, गीता, श्वेता आदि छात्राएं एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।