पीलीभीत। पूरनपुर ब्लाक के बाद अब अमरिया ब्लाक प्रमुख के खिलाफ दाखिल अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान को तिथि का निर्धारण कर दिया गया है। डीपीआरओ ने इसके लिए 21 अगस्त की तिथि निर्धारित की सभी सदस्यों को नोटिस भेजे हैं।
अमरिया ब्लाक प्रमुख कौसर जहां के खिलाफ भाजपा की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया था। विधायक के साथ दर्जनों बीडीसी सदस्यों ने शपथपत्र के साथ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था लेकिन निर्धारित प्रारूप पर आवेदन न होने के कारण डीपीआरओ ने उसे निरस्त कर दिया था। इसके बाद एक सप्ताह पूर्व पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने 107 बीडीसी सदस्यों के शपथपत्र के साथ पुन: अविश्वास प्रस्ताव सौपा। अविश्वास प्रस्ताव एवं शपथपत्रों की जांच के बाद डीपीआरओ ने इस पर चर्चा एवं मतदान कराने के लिए 21 अगस्त की तिथि निर्धारित की है। डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि 21 अगस्त को अमरिया ब्लाक सभागार में सुबह 10 बजे से बैठक बुलाई गई है। इसके लिए सभी सदस्यों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। बैठक में चर्चा के बाद आवश्यकता होने पर मतदान भी कराया जा सकता है।
0000000
बीडीसी सदस्यों की मौज
पीलीभीत। दो ब्लाक प्रमुखों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने से बीडीसी सदस्यों की मौज हो गई है। कई बीडीसी सदस्य इस समय पिकनिक पर गए हुए हैं तो कुछ की घर पर ही सेवा हो रही है। एक कार्यकाल में मिले इस मौके को भी भुनाने में बीडीसी भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पूरनपुर और अमरिया दोनों ब्लाकों के बीडीसी की इस समय पांचों उंगलियां घी में बताई जा रही हैं।