नगर पंचायत गुलडिया भिडारा में मकान में चोरी की घटना के बाद बिखरा पडा समान । संवाद
मझोला। मंगलवार को दिन दिहाड़े चोरों ने खाद व्यापारी के बंद घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 13 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। मंगलवार दोपहर को दंपती के घर से निकलते ही चोरों ने ताले तोड़कर घर खंगाल लिया। जानकारी के बाद सीओ प्रतीक दहिया ने थाना पुलिस के साथ जांच पड़ताल की।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी खाद व्यापारी बृजेंद्र भाटिया मंगलवार को अपने खेत पर धान की फसल में खाद लगवाने गए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर गुरुद्वारे में भोग में शामिल होने चली गईं। कुछ देर बाद बृजेंद्र दुकान पर पहुंचे। मजदूरों को खाना खाने के लिए घर भेजा तो ताला पड़ा होने के चलते मजदूर दुकान पर लौट आए। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला होने की सूचना बृजेंद्र को दी।
उन्होंने घर जाकर देखा तो सारा सामान फैला पड़ा था। अलमारियां खुली पड़ी थीं। बृजेंद्र के अनुसार चोरों ने अलमारी में रखे करीब 13 लाख के जेवरात और पांच हजार की नकदी चोरी कर ली। सूचना पर सीओ प्रतीक दहिया, एसओ न्यूरिया उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
नगर पंचायत गुलडिया भिडारा में मकान में चोरी की घटना के बाद बिखरा पडा समान । संवाद