पीलीभीत। सेवानिवृत्त शिक्षकों का पेंशन निर्धारण कार्य में बरती जा रही लापरवाही के विरोध में चल रहा धरना प्रदर्शन शुक्रवार को प्रभारी बीएसए के आश्वासन पर समाप्त हो गया। प्रभारी बीएसए ने जल्द से जल्द पेंशन निर्धारण कार्य पूरा कराने की बात कही है।
सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षण कल्याण परिषद के बैनर तले जिले भर के सेवानिवृत्त शिक्षकों ने बृहस्पतिवार से लेखा विभाग द्वारा पेंशन निर्धारण में बरती जा रही लापरवाही के विरोध में बीएसए कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू किया था। सेवानिवृत्त शिक्षकों का कहना था कि एक जनवरी 2018 से उस सभी का पेंशन निर्धारण होना है, लेकिन नि:स्वार्थ के चलते अफसर कर्मचारी उनकी पेंशन निर्धारण टालते आ रहे हैं। सभी ने एक स्वर मेें समस्या का समाधान न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी थी। इधर शुक्रवार को भी सेवानिवृत्त शिक्षक धरने पर बैठे। दोपहर को परिषद के जिलाध्यक्ष दुजाराम पांडेय समेत अन्य सेवानिवृत्त शिक्षकों और प्रभारी बीएसए शिवेंद्र कुमार वर्मा के बीच वार्ता हुई। बताया कि पेंशन निर्धारण को जो अभिलेख मिले थे, वे नहीं मिल रहे हैं। पेंशन निर्धारण को लेकर जो प्रति सेवानिवृत्त शिक्षकों को मिली है, उसी के माध्यम से पेंशन निर्धारण की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी। प्रभारी बीएसए के आश्वासन के बाद सेवानिवृत्त शिक्षकों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना देने वालों में जिलाध्यक्ष के अलावा जिला मंत्री जौकीराम, ख्यालीराम, मनोहर लाल समेत कई सेवानिवृत्त शिक्षक शामिल रहे।