- औने पौने दामों पर खरीद रहे थे गरीब किसानों को गन्ना
विज्ञापन
बीसलपुर। सक्रिय गन्ना माफिया को लेकर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। उच्चाधिकारियों ने मामला संज्ञान में लिया। जिसके बाद अब गन्ना माफिया की तलाश शुरू कर दी गई है।
विभागीय अनदेखी के चलते तहसील क्षेत्र में 20 से अधिक गन्ना माफिया लंबे समय से सक्रिय हैं। जरूरतमंद किसानों का गन्ना कम कीमत में खरीद मुनाफा कमाना ही इनका अहम उद्देश्य है। धरातल पर चल रही धांधली की हकीकत को अमर उजाला ने 28 दिसंबर के अंक में ‘औने पौने दामों पर गन्ना खरीद रहे माफिया’ शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद खलबली मच गई है। शुक्रवार को जहां गन्ना माफिया दिखाई नहीं दिए। वहीं, अफसरों ने संज्ञान लेकर अब कार्रवाई की शुरूआत की है। एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने शुक्रवार को सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा और गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे से दूरभाष पर संपर्क कर सक्रिय गन्ना माफिया को चिह्नित कर उनपर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। समिति सचिव ने बताया कि सभी गन्ना पर्यवेक्षकों को क्षेत्र में सक्रिय गन्ना माफिया की सूची बनाकर कार्यालय में अतिशीघ्र जमा करने के निर्देश दिए। गन्ना पर्यवेक्षकों ने पीलीभीत रोड पर गांव जसोली, दिवाली, परसिया, जोगीठेर, टिकरी, नवादा महेश और पतरसिया मेें जाकर गन्ना माफिया की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला।