खेकड़ा (बागपत)।
खेकड़ा नगर निवासी नवोदित गायिका रेणुका पंवार अब सपना चौधरी के लिए गाने गाएगी। इससे रेणुका के परिजनों एवं नगर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
हरियाणवी सॉंग की फेमस डॉंसर सपना चौधरी के साथ खेकड़ा की नवोदित सिंगर रेणुका पंवार का नाम जुड़ गया है। नगर स्थित विद्या निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की मात्र 16 वर्ष की छात्रा रेणुका पंवार नगर के विरेंद्र सिंह व संतोष देवी की बेटी है। रेणुका ने एक वर्ष पहले पानीपत के सिंगर तरुण पांचाल की कंपनी टीआर म्यूजिक में गाना शुरू किया । शुरुआती सफलता नहीं मिली, लेकिन बाद में क्षेत्र के निर्माता निर्देशक रिखम सोनी ने रेणुका की मदद की। एक शो में रेणुका हरियाणवी की लोकप्रिय सपना चौधरी के संपर्क में आई। सपना ने उसकी प्रतिभा को देखते ही परख लिया और अपने साथ गायकी का काम दिया। रेणुका अब दो दर्जन से अधिक गाने गा चुकी है।
सपना के साथ एक एलबम छोटी विदाई में सपना के बचपन का रोल भी कर चुकी है। मात्र 16 वर्ष की उम्र में स्टारडम की दुनिया में कदम बढ़ाने वाली रेणुका ने बताया कि उसके परिवार का सहयोग मिला, तरुण पांचाल व रिखम सोनी जैसे मार्गदर्शक मिले और अब सपना चौधरी गॉड मदर के रुप में मिली है। ऐसे में वह अब पीछे मुड़कर देखने वाली नही है। रिखम सोनी ने बताया कि सपना मेम ने रेणुका से अपने आगामी गाने कराने की घोषणा कर दी है। इससे रेणुका के परिजनों एवं नगर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।