आंधी बारिश के बाद शुक्रवार रात जहां एक तरफ की किसानों की खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा, वहीं शहर की बिजली व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई। फॉल्ट और पेड़ों की टहनियां टूटकर गिरने से तारों के क्षतिग्रस्त होते ही शहर में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। रात भर लोग बिजली को लेकर परेशान रहे। दूसरे दिन शनिवार को टीमें सुधार कार्य में लगी रहीं। इस दौरान भी दिन भर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। एसडीओ रणवीर सिंह टीम के साथ सुधार कार्य की निगरानी में जुटे रहे।
शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे के बाद आई आंधी-बारिश के चंद मिनट बाद ही शहर की बिजली गुल हो गई। टनकपुर हाईवे पर निरंजनकुंज कॉलोनी, बेनहर कॉलेज चौराहा, कचहरी रोड समेत कई इलाकों में पेड़ की टहनियां तारों पर गिरने से फॉल्ट हो गए। कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। रात भर शहरवासी बिजली को तरस गए। सुबह होने से पहले ही इनवर्टर जवाब दे गए और लोगों के सामने शनिवार सुबह पानी की समस्या भी आ खड़ी हुई। अधिकांश घरों में पानी की मोटर लगी होने के कारण बिजली न होने पर घरेलू कार्य में पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने आंधी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए तारों को लेकर टीम भेजकर सुधार कार्य शुरू कराया। एसडीओ रणवीर सिंह ने बताया कि रात भर समस्त फीडर बंद हो गए थे। क्षतिग्रस्त तारों का सुधार कराकर शनिवार दोपहर तक अधिकांश इलाकों की सप्लाई शुरू कर दी गई है। निरंजनकुंज फीडर से जुड़े क्षेत्रों में तारों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।