खेकड़ा (बागपत)।
नगर में तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी न होने के कारण व्याप्त जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित महिला और पुरुषों ने प्रदर्शन कर समस्या हल कराने की मांग की।
नगर में तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की। इससे कॉलोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी परिसर एवं मार्ग पर व्याप्त जलभराव के कारण रहने एवं आने जाने तक में परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार को परेशान कॉलोनीवासी एकत्र हुए और कॉलोनी में हुए जलभराव को लेकर प्रदर्शन कर कहा उन्हें गंदे पानी की निकासी न होने के कारण नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। साथ ही संक्रामक रोगों के फैलने की संभावना है। कई बार मांग करने के बाद भी अधिकारी समस्या का निदान नहीं करा रहे हैं। उन्होंने कहा यदि अविलंब समस्या का निदान नहीं कराया तो अधिकारियों के कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसमें अजीत, सुरेंद्र, तुषार, दिनेश, अनिल, सोनू, गुलफाम, पुष्पा, रजनी आदि रहे।