12 पीबीटीपी 31
टनकपुर रोड पर चल रहा निर्माण प्रशासन ने रुकवाया
केंद्रीय विद्यालय के गेट पर चल रहा था निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। टनकपुर रोड पर केंद्रीय विद्यालय के पूर्वी गेट को निजी जमीन बताकर कुछ दिन पहले निर्माण शुरू कराया गया था। इस निर्माण को प्रथमदृष्टया गलत पाते हुए प्रशासन ने काम बंद करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
शहर में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के उत्तर की ओर पड़ी जमीन पर करीब तीन माह पूर्व कुछ लोगों ने निर्माण शुरू कराया था। इस निर्माण के बीच में केंद्रीय विद्यालय का गेट भी आया था जिसे बंद कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर प्रशासन ने इसकी जानकारी ली जिस पर बताया गया कि इस मामले में चल रहे कोर्ट के फैसले के बाद निर्माण शुरू हुआ है। लेकिन प्रशासन के गले यह बात नहीं उतरी कि जब गौहनिया चौराहे से नकटदाना चौराहे तक टनकपुर मार्ग के पश्चिमी की ओर कोई निजी भूमि है नहीं तो भला एक प्लॉट किसी का कैसे हो सकता है। डीएम के निर्देश पर राजस्व प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर वर्तमान में चल रहा निर्माण टनकपुर हाइवे से 100 फुट के अंदर पाते हुए प्रशासन ने इसपर रोक लगा दी है। कई दिन काम बंद रहने रहने के बाद अब इस निर्माण को आगे से तोड़ना शुरू कराया गया है। तहसीलदार वीके त्रिवेदी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जो काम चल रहा था वह हाइवे के निर्धारित दूरी से कम है इसलिए निर्माण को फिलहाल रुकवा दिया गया है।