पीलीभीत। सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार को निरीक्षण के दौरान एक खानपान स्टाल पर साफ सफाई होना नहीं मिली। उन्होंने वेंडर को जुर्माना भरने के निर्देश दिए और वेंडरों को साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इसके अलावा एटीएन (असिस्टेंट टाउन इंजीनियर) रमेश सिंह ने भी खानपान स्टालों व शौचालय आदि का निरीक्षण कर साफ सफाई का जायजा लिया।
मंडल कार्यालय के अनुसार सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक को शुक्रवार को निरीक्षण के लिए यहां आना था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते वह यहां नहीं पहुंच सकी। उनके स्थान पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां उन्होंने खानपान स्टालों का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक खानपान स्टॉल पर गंदगी मिली। जिस पर उन्होंने वेंडर की फटकार लगाते हुए उसे जुर्माना भरने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेंडरों के परिचय पत्र, पैकिंग खाद्य पदार्थों के साथ प्रयोग किए जाने वाले तेल आदि की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। इधर इससे पूर्व एटीएन रमेश सिंह ने भी खानपान स्टालों का निरीक्षण किया। एक स्टाल पर डस्टबिन न मिलने पर वेंडर को तत्काल डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडरों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थों की बिक्री करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक पर बने शौचालय व स्टेशन परिसर में घूमकर साफ सफाई का जायजा लिया। रेल अधिकारियों के निरीक्षण के चलते वेंडरों में हड़कंप मचा रहा। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, सीएसआई एसके कमल मौजूद रहे।