खेकड़ा (बागपत)।
खेकड़ा नगर में तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में जर्जर हाल विद्युत तार टूटने से भगदड़ मच गयी। बड़ा हादसा होते टल गया। आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन कर विद्युत निगम के अधिकारियों से जर्जर हाल लाइन को बदलवाने की मांग की।
खेकड़ा नगर में तहसील के समीप स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे अचानक विद्युत तार टूटकर बीच मार्ग पर गिर गया। इससे कॉलोनी में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी। लोगों ने किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाई। विद्युत तार की चपेट में आने से लोग बाल बाल बचे। आक्रोशित कालोनी वासियों ने एकत्र होकर विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर कहा कि वह अनेकों बार तार बदलवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन विद्युत निगम की लापरवाही के चलते जर्जर हाल बिजली की लाइनों को नहीं बदला जा रहा है। आए दिन जर्जर हाल लाइनें टूट दुर्घटनाओं को न्योता देती रहती है, लेकिन इसके बावजूद लाइनों को नहीं बदलवाया जा रहा है। शायद बिजली विभाग के अधिकारियों को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। लोगों को दिन भर गर्मी के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा। आक्रोशित दहशत जदा लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से जर्जर हाल लाइनों को बदलवाने की मांग की। जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान प्रवेश, नितिन, फारूख, सोनू, दिनेश, कल्लू, सुनील, रमेश, इमरान, दानिश आदि मौजूद रहे।