मकानों के ऊपर से विद्युत लाइन हटाने की मांग
खेकड़ा। नगर पालिका परिषद खेकड़ा की चेयरमैन संगीता धामा के प्रतिनिधि चौधरी अंकुर धामा ने नगर बिजलीघर पर पहुंचकर नालापार बस्ती में मकानों के ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन को हटाने और उज्जवला योजना के तहत गरीबों को बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को अंकुर धामा के साथ नगरवासी बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने एसडीओ डीपी सिंह को ज्ञापन देकर कहा कि बारिश का मौसम आ गया है। नगर की नालापार बस्ती में मकानों के ऊपर से होकर उच्च क्षमता की विद्युत लाइन गुजर रही है। बताया कि जब मकान मालिक अपने मकानो की छतो पर जाते है। तो नीचे झूल रहे तारो की चपेट मे आने से वह करंट लगकर घायल होते रहते हैं। साथ ही बडागांव रोड पर रेलवे फाटक के समीप स्थित शिव कालोनी में करीब चालीस परिवारों के पास बिजली कनेक्शन नहीं हैं। इससे वे अंधेरे मे ही रह रहे हैं। करीब एक वर्ष पूर्व विद्युत विभाग ने कालोनी में खंभे लगाकर नई विद्युत लाइन बनाकर ट्रांसफार्मर भी लगाया था। लेकिन कुछ दिन बाद ही ट्रांसफार्मर उतरवा लिया गया। एसडीओ डीपी सिंह ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान गुल्लू धामा, संजय धामा, बलधारी सिंह, भगवती देवी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।