प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए ट्रॉफी।
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। तृतीय इंद्रजीत सिंह स्मारक राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट सोमवार से एलएच स्टेडियम में शुरू होगा। इसमें मेरठ, मुरादाबाद, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, गाजियाबाद, देहरादून, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत 12 जिलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
इसका उद्घाटन सुबह नौ बजे किया जाएगा। उद्घाटन मैच बरेली और मेरठ की टीम की बीच होगा। मुख्य अतिथि के तौर पर शहर विधायक संजय सिंह गंगवार और सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रतियोगिता का प्रत्येक मैच 80 ओवर का होगा। टूर्नामेंट के विजेता को 1.25 लाख और उपविजेता को 75 हजार नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा एक लाख रुपये के अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। आठ फरवरी को फाइनल मैच खेला जाएगा। जिसमें राज्यपाल रामनाईक मुख्य अतिथि व वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान एल्विन कालीचरन विशेष अतिथि होंगे। एक दिन पहले रविवार को एलएच स्टेडियम में तैयारियां चलती रहीं। बैठक का आयोजन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी गई। इस मौके पर संरक्षक शहर विधायक संजय सिंह गंगवार, वरिष्ठ अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र गंगवार, अध्यक्ष अनिल महेंद्र आदि मौजूद रहे।