तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज, शव पोस्टमार्टम को भेजा
बिलसंडा। स्कूल बस की टक्कर लगने से 23 नवंबर को घायल हुई बाइक सवार महिला गुड्डी देवी (45) की इलाज के दौरान सोमवार शाम पांच बजे मौत हो गई। बरेली के एक निजी अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को परिवार वालों से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम घनश्यामपुर निवासी रामकिशोर ने बताया कि वह 23 नवंबर को अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में पीलीभीत जा रहे थे। मरौरी गांव के पास पीछे से आ रही स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गुड्डी देवी को सीएचसी से रेफर करने के बाद बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां उनकी सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को परिवार वाले घर ले आए। मंगलवार सुबह पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि बस नंबर के आधार पर उसके अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अज्ञात के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज
बिलसंडा। क्षेत्र के गांव मवइयां निवासी सीताराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र धर्मेंद्र (20) 7 अगस्त को बीसलपुर से काम निपटाकर घर आ रहा था। ईंटगांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद इलाज के बाद दस अगस्त को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।