पीलीभीत/पूरनपुर। एंबुलेंस में डीजल डलवाने के लिए धनराशि की कमी के चलते पूरनपुर, बीसलपुर, बरखेड़ा सहित कई स्थानों की स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा चार दिनों से ठप है। 108 और 102 एंबुलेंस की सुविधा ठप होने से मरीज और उनके तीमारदारों को असुविधा हो रही है। शीघ्र ही धनराशि न मिलने पर पूरे जिले की एंबुलेंस सुविधा ठप होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले भर में एंबुलेंस का लोगों को लाभ देने को 108 की पंद्रह, 102 की 26 और एलएस की दो एंबुलेंस हैं। 108 एंबुलेंस से दुर्घटना के घायलों, प्रसव को स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं को लाने का कार्य किया जाता है। जबकि 102 एंबुलेंस बच्चों, गर्भवती महिलाओं को जांच आदि को स्वास्थ्य केंद्र लाने और वापस उनके घरों को पहुंचाने में किया जाता है। एंबुलेंस सेवा का प्रचलन बढ़ने से मरीज, घायल, गर्भवती महिलाओं, बीमार बच्चों और उनके तीमारदारों को भारी सुविधा होती है। दुर्घटना में घायलों को त्वरित सुविधा मिलने से उनकी जान तक बचा जाती है। एंबुलेंस का चलन बढ़ने के साथ उसकी मांग में भी बढ़ोत्तरी हुई। एंबुलेंसों को पिछले चार दिनों से डीजल के लिए धनराशि न मिलने से पूरनपुर के अलावा बीसलपुर, बरखेड़ा आदि स्थानों पर एंबुलेंस सेवा ठप है। जिला मुख्यालय सहित कुछ स्थानों पर एंबुलेंस में पहले का डीजल पड़ा होने पर अभी संचालन हो रहा है। डीजल को धनराशि शीघ्र न मिलने पर पूरे जिले की एंबुलेंस सेवा ठप होने की उम्मीद की जा रही है। ठप एंबुलेंस सेवा को लेकर मरीज, उनके तीमारदारों में भारी रोष है।
00000
ऐसे मिलती है डीजल को धनराशि
एंबुलेंस चालकों को सरकारी फ्लीट कार्ड दिया गया है। कार्ड को लखनऊ मुख्यालय से रिचार्ज कर धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। उक्त कार्ड को पेट्रोल पंपों पर यूज कर डीजल डलवाया जाता है।
00000
पूरनपुर, बीसलपुर सहित कुछ स्थानों पर चार दिनों से डीजल को धनराशि न मिलने से एंबुलेंस सेवा ठप है। जबकि जिला मुख्यालय सहित कुछ स्थानों पर एंबुलेंस में डीजल होने पर एंबुलेंस की सुविधा दी जा रही है। समस्या को लेकर प्रदेश मुख्यालय पर अफसरों से मोबाइल पर वार्ता की गई है। पीलीभीत ही नहीं शाहजहांपुर, लखमीपुर, बदायूं आदि जिलों में भी डीजल को लेकर धनराशि न मिलने पर एंबुलेंस सेवा ठप चल रही है। सोमवार तक फ्लीट कार्ड रिचार्ज होने पर डीजल लिया जा सकेगा और सुविधा पूर्ववत हो जाएगी।
- भगवती, एंबुलेंस डिस्ट्रिक क्वार्डिनेटर