पीलीभीत। नवीनीकरण प्रक्रिया में साक्षात्कार लेने के विरोध में प्रेरकों ने नारेबाजी कर धरना दिया। इस दौरान प्रेरकों ने जुलूस निकाला और कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपकर साक्षात्कार संबंधी आदेश निरस्त कराने की मांग की। जुलूस के दौरान जिलाध्यक्ष की हालत बिगड़ गई।
जिले के लोक शिक्षा केंद्रों पर तैनात 1113 प्रेरकों का नवीनीकरण होना है। डीएम शीतल वर्मा ने नवीनीकरण से पूर्व प्रेरकों का साक्षात्कार लेने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर प्रेरकों में खासा रोष है। प्रेरक संगठनों ने इस मामले में ज्ञापन सौंपकर साक्षात्कार निरस्त कराने की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। इधर बृहस्पतिवार को जिले के कई प्रेरक एकता कल्याण समिति के बैनर तले नेहरू पार्क में एकत्र हुए। यहां प्रेरकों ने जिलाध्यक्ष पिंकी रानी के नेतृत्व में नारेबाजी कर धरना दिया। इस दौरान प्रेरकों ने जुलूस भी निकाला। जुलूस नेहरू पार्क से निकलकर टनकपुर रोड, नकटादाना चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा। इसी बीच रास्ते में गर्मी के चलते जिलाध्यक्ष पिंकी रानी की हालत बिगड़ गई। इससे प्रेरकों में हड़कंप मच गया। हालांकि कुछ देर बाद उनकी हालत ठीक हो गई। कलक्ट्रेट पहुंचे प्रेरकों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में साक्षात्कार के आधार पर पुन: अनुमोदन संबंधी आदेश को निरस्त करने अनुमोदन करने, करीब 15 माह का बकाया मानदेय भुगतान एक मुश्त कराने, अन्य जिलों के समान प्रेरकों को ओडीएफ, खाद्य सुरक्षा और अन्य योजनाओं से जोड़ने की मांग की गई। ज्ञापन में समस्या का समाधान न होने पर पांच जुलाई से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई। धरना देने वालों में अतीक अहमद, यशवंत कुमार, इमरान हुसैन, श्यामबिहारी, सुरेश कुमार, नरेंद्र कुमार, बबलू वर्मा, अरविंद पांडेय, धीर सिंह, मेवाराम, ईश्वरी प्रसाद, भीमसेन, कमलेश कुमारी, पुष्पादेवी, रत्नादेवी, शिवांगी राज, लक्ष्मीदेवी, पार्वती, अनीता कुमारी, नीतू सिंह, नगमा परवीन, रेखा, सावित्री देवी समेत कई प्रेरक शामिल रहे।