ट्रांसफार्मर फुंकने से 150 घरों की दूसरे दिन भी ठप रही बिजली
उमस भरी गर्मी में बेहाल हुए लोग, रोष
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। बिजली ट्रांसफार्मर फुंकने से लाइन पार इलाके के 150 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों की बिजली सप्लाई दूसरे दिन भी ठप रही। इससे उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई। अक्सर ट्रांसफार्मर फुंकने को लेकर उपभोक्ता कई बार हंगामा कर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग कर चुके हैं। उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर न लगने और अक्सर ट्रांसफार्मर फुंकने से उपभोक्ताओं में रोष है।
रेलवे स्टेशन के सामने लाइन पार के कुछ इलाके में बिजली सप्लाई को सौ केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर रखा है। ट्रांसफार्मर पिछले महीने तीन दिन में दो बार फुंक गया था। तब उपभोक्ताओं ने एसडीओ कार्यालय में हंगामा कर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी। उपभोक्ताओं को शीघ्र ही उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया गया लेकिन अब तक उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। सौ केवीए का ट्रांसफार्मर शुक्रवार को दुपहर फिर फुंक गया। इससे करीब 150 उपभोक्ताओं के घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में बिजली सप्लाई न मिलने से उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई। जेई सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को फुंका ट्रांसफार्मर बदलवा दिया गया है। शनिवार शाम को बिजली सप्लाई सुचारू करवा दी जाएगी।