सुपोषण स्वास्थ्य मेले से कुपोषण मिटाने की तैयारी
25 अगस्त को जिला मुख्यालय समेत सभी ब्लॉक में होगा आयोजन
सीएम लखनऊ से करेंगे मेले का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। नवजात बच्चों व गर्भवती महिलाओं की मृत्युदर में कमी लाने के लिए सभी ब्लॉकों के स्वास्थ्य केंद्रों पर सुपोषण मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें गर्भवती, किशोरियों व छोटे बच्चों को मुफ्त उपचार सुविधा देने के साथ ही स्वस्थ्य रहने के टिप्स दिए जाएंगे। सुपोषण मेले का शुभारंभ 25 अगस्त को भले ही सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ से करेंगे लेकिन इसकी गूंज हर जनपद में दिखेगी। इस दिन जिले की पीएचसी, सीएचसी और एएनएम सेंटर में मेला लगाकर इसका लाभ दिया जाएगा।
कुपोषण के खिलाफ सरकारी जंग सालों से चल रही है, लेकिन सकारात्मक परिणाम नहीं आ सके हैं। इसी वजह से सरकार ने सुपोषण स्वास्थ्य मेला प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाने का फरमान जारी किया है। मेले में स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले में पहुंचने वाले मरीजों का चेकअप किया जाएगा। विभिन्न बीमारियों की जांच नि:शुल्क होगी। बाल विकास विभाग द्वारा पुष्टाहार से तैयार विभिन्न व्यंजन, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी जानकारियां दी जाएंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की पहचान बताई जाएगी। पंचायती विभाग द्वारा लोगों को ओडीएफ के प्रति जागरुक करने के साथ सुपोषण स्वास्थ्य मेल थीम पर एक नुक्कड़ नाटक आयोजित कर लोगों को जागरुक किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि 25 अगस्त को स्वास्थ्य मेले का पहला आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जिलास्तर पर बड़ा आयोजन जिला महिला अस्पताल व ब्लॉक स्तरीय आयोजन सीएचसी-पीएचसी में किए जाएंगे।