खेकड़ा (बागपत)।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर कार्य करते समय केंटर की टक्कर लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर केंटर सहित चालक को पकड़ कर मुकदमा दर्ज कर लिया।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे को चालू हुए अभी डेढ़ माह ही हुआ है। डेढ़ माह में सात लोगों की दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। बुधवार की देर ग्राम ब्रहमपुर थाना सिंभावली जिला हापुड़ निवासी मजदूर रियासत पुत्र इदरीश ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा के समीप मशीन से कार्य कर रहा था। तभी हरियाणा की तरफ तेज गति से जा रहे अनियंत्रित केंटर की टक्कर लगने से मजदूर रियासत गंभीर घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर केंटर लेकर चालक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही एक्सप्रेस वे पर पहुंची पुलिस टीन केंटर का पीछा करने के लिए दौड़ पड़ी। पुलिस ने हरियाणा के जखौली टोल पर सूचना कर केंटर को रुकवा लिया। पुलिस ने जखौली टोल पर पहुंचकर केंटर को कब्जे में ले लिया और चालक सहित केंटर को थाने ले आई। अन्य पुलिस कर्मियों ने घायल रियासत को सीएचसी पर भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों के रैफर करने पर उसे मेरठ के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां घायल रियासत ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मेरठ अस्पताल में पहुंचे। रियासत की मौत होने से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन मृतक के शव को गांव ले गए। वहां परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता इदरीश की तहरीर पर पुलिस ने दिल्ली के बादली निवासी केंटर चालक मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।