खेकड़ा (बागपत)। नानू मार्ग स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी में हुए जलभराव को लेकर कालोनीवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर अधिकारियों से जलभराव की समस्या का अविलंब निदान कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने आवासों का आवंटन तो करा दिया, लेकिन गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की। इस कारण कालोनी का गंदा पानी यही पर भरा रहता है। लोग परेशान हैं। बदबू के साथ ही मच्छर भी काफी संख्या में हैं। संक्रामक रोग लोगों को अपनी चपेट में ले रहे हैं। गुस्साए लोगों ने अविलंब संबंधित अधिकारियों से लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी से गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की। इस दौरान फूल सिंह, आसू, हैदर, सोनू, जुबेर, अनीस, नसरीन, विनोद, असगर, सत्तार, बबलू, प्रमोद आदि मौजूद रहे।