खेकड़ा (बागपत)।
एमएम डिग्री कॉलेज के छात्र- छात्राओं के सात दिवसीय रासेयो (राष्ट्रीय सेवा योजना) शिविर का दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। इसमें छात्र- छात्राओं ने राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
नगर में स्थित एमएम डिग्री कॉलेज के छात्र एवं छात्राओं का सात दिवसीय रासेयो शिविर शुरू हुआ। क्षेत्र के बड़ागांव स्थित मां मंशा देवी मंदिर पर छात्र रासेयो शिविर का उद्घाटन प्रबंध समिति के सचिव ब्रिजेश कुमार शर्मा, अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा एवं प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार ने सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। प्रथम इकाई ने मां मंशा देवी मंदिर बड़ागांव में देश भक्ति के साथ ही समाज के उत्थान हेतु सामाजिक कार्यों में भाग लेने का संकल्प लिया। साथ ही शिविर के प्रभारी डॉ. शैलेंद्र कुमार के देख रेख में रासेयो छात्रों ने साफ सफाई की। और सभी ने लोगों से नशा मुक्ति का आह्वान किया।
द्वितीय इकाई के रासेयो छात्राओं के शिविर का नगर स्थित विद्या भवन पब्लिक स्कूल में उद्घाटन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. भवानी रामचंद्रन ने किया। इसके बाद रासेेयो छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। साथ ही छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए और मन वाणी और कर्म से कार्य करने का सभी ने संकल्प लिया। इस दौरान डॉ. सुनील धीमान, डॉ. भवानी रामचंद्रन, उदयभान द्विवेदी, देवेश शुक्ला, मनोज कुमार आदि रहे।