खेकड़ा (बागपत)।
सामाजिक संस्था भारतीय नौजवान इंकलाब पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर एक रुपये का सिक्का लेने से मना कर भारतीय मुद्रा का अपमान करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
मंगलवार को खेकड़ा तहसील में भारतीय नौजवान इंकलाब पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र होकर पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी आशीष कुमार को दिए पत्र में कहा कि नगर में दुकानदार एक रुपये के सिक्के को ग्राहकों से लेने से इंकार कर रहे हैं, जो सरासर भारतीय मुद्रा का अपमान है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एसडीएम से ऐसे दुकानदारों की जांच कराकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने उनको जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी, ओमपाल गिरि, विनोद धामा, धीरज, कमल गोस्वामी, संजय शर्मा आदि रहे।