डीएम ने निरीक्षण की खींचा व्यवस्थाओं का खाका
नगर निकाय चुनाव में मतदान के बाद मतगणना का कार्य भी नामांकन स्थलों पर ही कराया जाएगा। इसके लिए डीएम शीतल वर्मा ने अधीनस्थों के साथ शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का खाका खींचा।
नगर निकाय के चुनाव के लिए जिले में 26 नवंबर को मतदान कराया जाना है। इससे पूर्व प्रशासन ने नामांकन के लिए पांच स्थान बनाए थे। इसमें शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में पीलीभीत नगर पालिका के साथ न्यूरिया एवं जहानाबाद नगर पंचायत का नामांकन कराया गया था। वहीं, बीसलपुर के एसआरएम इंटर कॉलेज में बीसलपुर नगरपालिका के अलावा बरखेड़ा और बिलसंडा नगर पंचायत, पूूरनपुर ब्लॉक सभागार में पूरनपुर नगरपालिका, अमरिया ब्लॉक सभागार में गुलडिया भिंडारा नगर पंचायत और कलीनगर तहसील सभागार में कलीनगर नगर पंचायत का नामांकन कराया गया था। शासन के निर्देश पर इन नामांकन स्थलों पर ही संबंधित निकाय की मतगणना कराई जानी है। शासन से निर्देश मिलने के बाद शुक्रवार को डीएम शीतल वर्मा ने एडीएम बृजकिशोर, एएसपी रोहित मिश्रा सहित कई अधिकारियों के साथ शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में बेरीकेडिंग, आरओ एआरओ के बैठने के स्थान, मतगणना कर्मियों एवं अभिकर्ताओं के बैठने आदि की व्यवस्था पर चर्चा की। डीएम ने बताया कि चुनाव तैयारियों के तहत मतगणना की व्यवस्थाएं भी कराई जा रही हैं। कॉलेज का भ्रमण कर इसकी तैयारियों का खाका खींचा गया है, ताकि समय से व्यवस्थाएं की जा सकें।
नामांकन स्थलों से ही रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
26 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए एक दिन पूर्व यानी 25 नवंबर को सुबह से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। प्रशासन पहले सभी पोलिंग पार्टियों को जिला मुख्यालय से ही रवाना करने की योजना बना रहा था, लेकिन शासन से निर्देश मिलने पर अब पोलिंग पार्टियों को भी नामांकन स्थलों से ही रवाना करने का निर्णय लिया गया है। 25 नवंबर को सभी नामांकन स्थलों से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।