पंडरी से महोफ तक 3.5 किलोमीटर मार्ग है जर्जर
टाइगर रिजर्व के महोफ तक जाने वाले जर्जर मार्ग का जल्द निर्माण कराया जाएगा। डीएम के निर्देश पर जिला पंचायत विभाग ने इसके लिए 40 लाख का प्रस्ताव तैयार किया है। जल्द इसका टेंडर कराकर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
टाइगर रिजर्व भ्रमण को आने वाले पर्यटकों के लिए विभाग ने महोफ रेंज में मुख्यद्वार बनाया है। शहर से टाइगर रिजर्व जाने वाले पर्यटकों को इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ेगा। 15.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में सिविल लाइंस चौकी से पंडरी गांव तक लगभग 12 किलोमीटर मार्ग पक्का है, जबकि शेष लगभग 3.5 किलोमीटर मार्ग की हालत काफी खराब है। इस मार्ग पर वर्षों पुराना खड़ंजा उखड़ने लगा है, जिससे वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल होता है। टाइगर रिजर्व बनने के बाद से ही मार्ग के निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चूका स्पॉट भ्रमण के बाद प्रशासन इसको लेकर सख्त हुआ है। डीएम शीतल वर्मा ने जिला पंचायत के एएमए को मार्ग निर्माण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। इस पर जिला पंचायत के अभियंताओं ने इस 3.5 किलोमीटर मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। लगभग 40 लाख के इस प्रस्ताव पर फिलहाल तकनीकि टीम की रिपोर्ट लगनी अभी शेष है, लेकिन प्रस्ताव बनने से यह स्पष्ट है कि इस मार्ग का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।
जिला पंचायत की बैठक में उठा था मुद्दा
टाइगर रिजर्व के महोफ रेंज तक जाने वाला 3.5 किलोमीटर मार्ग जिला पंचायत के अधीन है। इसके निर्माण का जिम्मा भी जिला पंचायत पर ही है। करीब दो साल पूर्व जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में भी प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन कार्रवाई ठप हो गई। अब टाइगर सीजन शुरू होने पर उसके निर्माण की फिर उम्मीद जगी है।
टाइगर रिजर्व जाने वाले मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाया गया है। जल्द टेंडर प्रक्रिया जारी कराकर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
- जागन सिंह, एएमए, जिला पंचायत