बीसलपुर (पीलीभीत)। कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय में चल रहा पुरातन छात्राओं का दो दिवसीय सम्मलेन शुक्रवार को समाप्त हो गया है। समापन समारोह में डीएम शीतल वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि छात्राएं मेहनत से पढ़कर ऊंचे ओहदों पर पहुंचें और नाम रोशन करें।
कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय (ग्रामीण)में गुरुवार से दो दिवसीय पुरातन छात्राओं का सम्मेलन चल रहा था, जो शुक्रवार को समाप्त हो गया है। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए डीएम शीतल वर्मा ने कहा कि सभी छात्राएं ऊंची सोच रखें और शिक्षा पूरी करने के बाद ऊंचे ऊंचे ओहदों पर पहुंचकर विद्यालय और देश का नाम रोशन करें। इसी में उनकी पढ़ाई की सार्थकता है। डायट प्राचार्य गजेंद्र कुमार ने बतौर विशिष्ट अतिथि संबोध्ति करते हुए कहा कि कस्बा ईंटगांव में माध्यमिक शिक्षा विभाग का राजकीय छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। छात्राएं इस विद्यालय की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईंट गांव मेें कक्षा नौ में प्रवेश ले सकती हैं और छात्रावास में निशुल्क रूप से रह भी सकती हैं। बीएसए डॉ इंद्रजीत प्रजापति ने कहा कि मेहनत से पढ़कर ही छात्राएं मुकाम हासिल कर सकती हैं। मुकाम हासिल करने के लिए मेहनत के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है।
समारोह में डायट प्रवक्ता आदेश कुमार, डायट शिक्षक मुनींद्र पाल सिंह, बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक मनीष कुमार, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन निसा पांडेय, शिक्षक कमल शर्मा और इस विद्यालय की पूर्व छात्रा नीरज वर्मा आदि वक्ताओं ने संबोधित किया। समारोह में कई पूर्व छात्राओं ने अपने अनुभव सुनाए और छात्राओं को मेहनत से शिक्षण करने का सुझाव दिया। समारोह में कुछ छात्राआें ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। समारोह की अध्यक्षता मनीष कुमार ने और संचालन निसा पांडेय ने किया। इस मौके पर डीएम ने छात्राओं से विद्यालय की शिक्षण, अनुशासन, भोजन, जलपान और रहन सहन के संबंध में समस्याएं पूछीं लेकिन किसी ने कोई समस्या नहीं बताई। समारोह में तहसीलदार विवेक मिश्रा भी बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
दिल्ली से आए कलाकारों विधि, मनीष और स्वरनेंद्र ने समारोह की डाक्यूमंट्री फिल्म बनाई।