पीलीभीत। लखनऊ में हुए लाठी चार्ज के विरोध में लोक शिक्षा केंद्रों में कार्यरत प्रेरकों ने साक्षरता दिवस पर काली पट्टी बांध विरोध दर्ज कराया। वहीं प्रेरकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सौंपे गए ज्ञापन में समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
प्रेरक एकता कल्याण समिति के बैनर तले शुक्रवार को कई प्रेरक नेहरू पार्क में हुए। यहां प्रेरकों ने साक्षरता दिवस पर लखनऊ में पांच सितंबर को मांगों को लेकर विधानसभा जा रहे प्रेरकों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज करने के विरोध में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। कहा गया कि लखनऊ में लगातार 57 दिन से लंबित मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन चल रहा था। मांगें पूरी न होने के कारण पांच सितंबर को प्रेरक शांतिपूर्ण ढंग से पैदल विधानसभा जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने निहत्थे प्रेरकों पर लाठी चार्ज किया। इस लाठीचार्ज में जिलाध्यक्ष पिंकी रानी समेत कई प्रेरक गंभीर रूप से घायल हो गए। कोषाध्यक्ष अतीक अहमद ने कहा कि सरकार प्रेरकों की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करें न कि लाठी चार्ज। यदि मांगें पूरी नहीं होती है तो लखनऊ में धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
इसके बाद प्रेरकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में प्रेरकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। विरोध जताने वालों में जिलाध्यक्ष पिंकी रानी, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष अतीक अहमद, सुमित कुमार, इमरान, हेमावती, सावित्री, रानी, सतपाल, सायमाबी, सुरेश कुमार, राजेंद्र कुमार, बबलू वर्मा, मनोहर लाल आदि प्रेरक शामिल रहे।
00
लोकसभा चुनाव में देंगे मुंहतोड़ जवाब
पीलीभीत। आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी लखनऊ में प्रेरकों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। बैठक में कहा कि यदि प्रेरकों की मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो आने वाले लोकसभा चुनाव में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर शिव कुमार शर्मा, नरेश गंगवार आदि प्रेरक मौजूद रहे।
--