पीलीभीत। कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। थाना न्यूरिया क्षेत्र के एक युवक से कनाडा भेजने और वहां अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 11 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने रकम सीधे अपने खाते में न लेकर अलग-अलग राज्यों के लोगों के बैंक खातों में जमा कराई। एसपी के निर्देश पर न्यूरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम किशनपुर निवासी श्रीपाल ने न्यूरिया थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र यशवंत कुमार को कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। आरोप है कि पंजाब के लुधियाना स्थित मायानगर पार्क निवासी जगमोहन सिंह ने खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताते हुए परिवार से संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि वह पुत्र को कनाडा भेजकर वहां अच्छी नौकरी दिला देगा। आरोपी ने वीजा और नौकरी की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर किस्तों में करीब 11 लाख रुपये वसूल लिए।
आरोप है कि आरोपी ने रकम सीधे अपने बैंक खाते में न लेकर अलग-अलग व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर करवाई, ताकि किसी प्रकार का संदेह न हो। इनमें बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई बैंक खाते शामिल बताए गए हैं। पीड़ित के अनुसार, यह रकम दीपक कुमार, पंकज कुमार, अखिलेश कुमार, राजा बाबू, राहुल कुमार, मोहम्मद दिलखुश, मनीष कुमार, संजीव कुमार और रीतू सिंह नाम के खातों में ट्रांसफर कराई गई। काफी समय बीतने के बाद भी न तो वीजा मिला और न ही नौकरी की कोई प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद परिवार को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। मामले की शिकायत एसपी से किए जाने पर थाना न्यूरिया पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस बैंक खातों और लेनदेन की भी जांच कर रही है। संवाद