सी एच सी बरखेड़ा में मरीज देखती डॉ शाहीन जहां संवाद
बरखेड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शनिवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें 104 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिलाओं को आवश्यक परामर्श दिया और निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ। पंजीकरण कराने के लिए महिलाओं की कतारें लगी रहीं। शिविर में 89 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कराया गया, जबकि 15 महिलाओं की विशेष रक्त जांच की गई। जांच के बाद महिलाओं को जरूरत के अनुसार दवाइयां दी गईं। गर्भवती महिलाओं की जांच कर रहीं डॉ. शाहीन जहां ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर रेडियोलॉजिस्ट या सोनोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण महिलाओं को असुविधा से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। संवाद