अवैध निर्माण के खिलाफ रेंजर ने दी तहरीर
पीलीभीत। वन विभाग की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर निर्माण कराने के मामले में रेंजर की ओर से सुनगढ़ी थाने में दूसरे दिन तहरीर दी गई है। नौगवां चौराहे से छतरी चौराहे की ओर सड़क किनारे जलमग्न भूमि पर सामाजिक वानिकी की 286 मीटर जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने की कोशिश कर निर्माण कराया जा रहा था। मामला वरिष्ठ अफसरों के संज्ञान में पहुंचने पर पैमाईश कराई गई तो जमीन वन विभाग की निकलने पर बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से निर्माण कराए जाने की शिकायत मिलने पर शनिवार को रेंजर सतेंद्र सिंह, वन दरोगा शेर सिंह आदि को मौके पर भेजा गया था। इस दौरान भी कब्जेदार वन विभाग की जमीन पर अपना हक बताता रहा। प्रशासनिक अफसरों से शिकायत के बाद एक बार फिर लेखपाल को बुलाकर जमीन की नापजोख कराई गई। जिसमें जमीन वन विभाग की निकलने पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया था। डीएफओ ने बताया कि रेंजर की तरफ से सुनगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी गई है। सुनगढ़ी एसओ रुम सिंह बघेल ने बताया कि इस संबंध में किसी तरीके की तहरीर नहीं मिली है। वन भूमि को लेकर पूर्व में एक मुकदमा दर्ज कराया गया है। उसकी जांच कराई जा रही है।