खेकड़ा (बागपत)।
अपना शहर स्वच्छता कार्यक्रम के तहत उपजिलाधिकारी एवं चेयरमैन ने नगर के मोहल्ला शेखान के भट्ठा बस्ती में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी और उनका निदान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों ने उनको समस्याएं बताईं।
अपना शहर स्वच्छता कार्यक्रम के तहत शनिवार की सुबह करीब दस बजे उपजिलाधिकारी खेकड़ा पुलकित गर्ग के नेतृत्व में पालिका चेयरमैन संगीता धामा एवं नगर पालिका की टीम खेकड़ा नगर के मोहल्ला शेखान स्थित भट्टा बस्ती में लोगों की समस्या सुनने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने बस्ती में लोगों की समस्याएं सुनीं। बस्ती के लोगों ने उन्हें बस्ती में फैली गंदगी, पानी की निकासी न होने के चलते पानी बस्ती में घरों के बीच खाली प्लाटों में भरा है। इससे मच्छरों एवं संक्रामक रोगों की चपेट में आकर बस्तीवासी बीमार हो रहे हैं। साथ ही लोगों ने उन्हें बस्ती में नियमित रूप से साफ सफाई कराने, पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंप लगवाने, पाइप लाइन बिछवाने, और जर्जर हाल विद्युत पोल एवं लाइनों को हटवाकर नई लाइन लगवाने की मांग की।
इस दौरान एसडीएम ने विद्युत निगम के एसडीओ पुष्पेंद्र कुमार को मौके पर बुलाकर जर्जर हाल पोल एवं लाइनों को बदलवाकर नई लाइन और पोल लगवाने को कहा। साथ ही नगर के मोहल्लों में जहां भी खाली प्लाट हैं। उन्हें प्लाट मालिकों को सूचना भेजकर प्लाट की चहारदीवारी कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अरविंद मलिक, नीरज शर्मा, अमित डागर, अनुज धामा, महबूब अली, अमरीश कुमार, अंकित त्यागी, कुलदीप धामा, सुनील कुमार शर्मा आदि रहे।