औरंगाबाद रेलवे फाटक बंद करने पर किया हंगामा
खेकड़ा। नगर के मोहल्ला औरंगाबाद स्थित रेलवे फाटक को रेल विभाग ने बृहस्पतिवार शाम बंद करा दिया। इससे वहां से गुजरने वाले वाहन सवारों एवं पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने फाटक पर इकट्ठा हो हंगामा प्रदर्शन किया और रेलवे विभाग से फाटक को अविलंब खुलवाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि फाटक को ना खोले जाने पर लोगों ने सड़कों पर उतर आंदोलन की चेतावनी दी।
खेकड़ा नगर के मौहल्ला औरंगाबाद स्थित शेखान बस्ती में करीब 50 वर्ष पुराना रेलवे फाटक है। यहां से लोगों का हर समय आवागमन लगा रहता है खेकड़ा नगर के साथ ही करीब आधा दर्जन गांव के लोगों का भी वहां से आवागमन रहता है। बृहस्पतिवार शाम रेलवे विभाग ने यह फाटक बंद कर दिया। शुक्रवार सुबह जब फाटक से लोगों का आवागमन शुरू हुआ तो लोगों को फाटक पर ताला लटका मिला। फाटक पर ताला लगा होने के चलते लोग आक्रोशित हो उठे। और आक्रोशित लोगों ने रेलवे विभाग के कर्मचारियों से बात की तो पता लगा कि रेल विभाग ने यह फाटक बंद करा दिया है रेलवे फाटक से गुजरने वाले वाहनों बाइक सवारों की दोनों साइड में लंबी कतारें लग गईं और लोगों ने रेलवे लाइन पर पहुंच रेलवे विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा प्रदर्शन किया।
लोगों ने कहा कि इस फाटक के बंद होने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। फाटक बंद होने के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे विभाग ने यह फाटक नहीं खुलवाया तो लोग सड़कों पर उतर आंदोलन करेंगे और फाटक को खुलवा कर ही दम लेंगे। लोगों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि वह शनिवार को रेलवे विभाग द्वारा बंद किए गए फाटक के विरोध में पंचायत करेंगे और पंचायत में अग्रिम कार्रवाई के लिए निर्णय किया जाएगा।