कटैइया फार्म पर बाघ ने कराया मौजूदगी का अहसास
सूचना मिलने पर पहुंची निगरानी टीम ने ट्रेस किए पगमार्क
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया। तहसील क्षेत्र में विचरण कर रहे बाघों को लेकर वन महकमा कोई पुख्ता बंदोबस्त नहीं कर सक है। इधर, ग्रामीण बाघों की चहलकदमी से दहशतजदा हैं। एक बार फिर बाघ ने कटैइया फार्म के पास अपनी मौजूदगी का अहसास कराया, तो आसपास के इलाकों तक दहशत फैल गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की निगरानी टीम हर बार की तरह पगचिह्न ट्रेस कर ग्रामीणों को अलर्ट रहने की हिदायत देकर चली गई।
अमरिया तहसील क्षेत्र के कटैइया फार्म निवासी अमरीक सिंह ने बताया कि पिछले कई महीनों से उनके फार्म हाउस के पास बाघ की चहलकदमी जारी है। इसकी कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी देकर समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकाला जा सका है। बृहस्पतिवार सुबह फार्म हाउस के पास रास्ते पर बाघ के पगचिह्न मिले। पगचिह्न देख इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। इस पर निगरानी टीम के अवनेश कुमार, चेतन कुमार मौके पर पहुंचे और पगचिह्न ट्रेस किए। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को बाघ की दस्तक को देखते हुए अलर्ट रहने को कहा गया है। विभागीय स्तर से लगाई गई टीमें निगरानी में जुटी है।