खेकड़ा (बागपत)। जिला जेल में बंद कैदियों को राखी बांधने के लिये पहुंची बहनें तेज धूप के बीच घंटों बाहर खड़ी रहीं। जेल प्रशासन ने बहनों को उनके बंदी भाइयों से खुले में मुलाकात कराई, इसके बाद बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी।
रक्षाबंधन के चलते रविवार को क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर स्थित जिला जेल में सुबह आठ बजे से ही बहनें अपने बंदी भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधने के परिजनों संग पहुंचनी शुरू हो गई थी। रक्षाबंधन के चलते जेल में कड़ी चौकसी के बीच बहनों को अंदर खुले में मिलाई करने की अनुमति थी। बहनें अपने भाइयों के लिए मिष्ठान, थाल आदि सजाकर ले गई थी। करीब एक घंटे तक महिलाएं अपने बच्चों के साथ तेज धूप में गर्मी के बीच भूखी प्यासी जेल के बाहर खड़ी रही। अंदर जाने की अनुमति मिलने पर बहनों ने बंदी भाइयों की कलाइयों पर पर राखी बांध उन्हें तिलक लगाकर मिठाई खिलाई।